यूपी के मिर्जापुर जिले में दो सड़क दुर्घटनाएं हो गई, जिसमें 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसमें एक दुर्घटना के 4 घंटे बाद दूसरी दुर्घटना हुई है। पहली दुर्घटना रविवार रात 10 बजे हुई तो दूसरी दुर्घटना देर रात 2 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इन दोनों हादसों का शिकार हुए मृतकों के शवों को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जानकारी के अनुसार, दोनों हादसे तेज रफ्तार के कारण हुए।
लालगंज क्षेत्र में हुई पहली दुर्घटना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पहली दुर्घटना लालगंज क्षेत्र में रविवार रात करीब 10 बजे हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ओ.पी. सिंह ने बताया रीवा-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ढाबे के पास एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और फिर एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकरायी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गयी।
सिंह ने बताया, "कार में सवार तेलंगाना के शांधर रेड्डी के निवासी वेंकट रेड्डी (40) और माल रेड्डी को गम्भीर रूप से घायल हालत में लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।" उन्होंने बताया कि अन्य सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां कार सवार तेलंगाना के चिट्टी (35) और मोटरसाइकिल सवार वाराणसी के बड़ागांव के पलिया शंभूपुर निवासी रविशंकर राजभर (20) की मौत हो गई। सिंह ने बताया कि तीन अन्य घायलों को इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
होंडा एजेंसी के पास हुई दूसरी दुर्घटना
पहली दुर्घटना के करीब 4 घंटे बाद 22-23 फरवरी की दरमियानी रात दो बजे दूसरी दुर्घटना होंडा एजेंसी के पथरौरा मिल के पास हुई। यहां एक एक अज्ञात ट्रक ने सड़क के किनारे पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सिंह ने बताया, "मृतकों की पहचान शिवपूजन (22), विकास (21) और साइकिल सवार नन्हे प्रजापति (24) के रूप में हुई है।" पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
(इनपुट - भाषा)
