वाराणसी

Varanasi Metro: बीएचयू से भेल तक दौड़ेगी मेट्रो, इतने करोड़ रुपए से बनेगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 23, 2023, 02:52 PM IST

Varanasi News: वाराणसी के लोगों के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस आम बजट में शहर में मेट्रो लाइन बिछाने के लिए बजट का प्रस्ताव पास किया है। इसके तहत बीएचयू से भेल तक मेट्रो लाइन बिछाई जानी है। इससे लोगों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही बेहद कम समय में लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

Image

वाराणसी में चलेगी मेट्रो (प्रतिकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • चौके, गोदौलिया, बेनियाबाग, बंगाली टोला आदि से गुजरेगी मेट्रो
  • अधिक खर्च के प्राक्कलन की वजह से लंबित हो गई थी परियोजना
  • मेट्रो चलने से शहरवासियों को जाम से मिलेगी निजात


varanasi Metro: अब वाराणसी की रफ्तार और बढ़ जाएगी। यहां मेट्रो चलाई जाएगी। पहले फेज में बीएचयू से भेल तक मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। मेट्रो के पहले कॉरिडोर के लिए प्रदेश सरकार ने बजट का भी प्रावधान किया है। बजट में मेट्रो परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। मेट्रो परियोजना के आकार लेने के साथ पुराने शहर में जाम की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा। भेल से बीएचयू तक प्रस्तावित मेट्रो रूट को सबसे घनी आबादी वाले इलाके चौके, गोदौलिया, बेनियाबाग, बंगाली टोला आदि से गुजारा जाएगा।

अगर, सबकुछ सही रहा तो वाराणसी की मेट्रो परियोजना भूमिगत और एलिवेटेड रूट से गुजरेगी। बीएचयू से भोजूबीर से भेल तक एलिवेटेड (जमीन से ऊपर) मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। बता दें शहर में मेट्रो परियोजना के लिए राइट्स ने लंबी कवायद की थी। अलग-अलग रूटों पर सर्वे करके रिपोर्ट भी तैयार थी। अब मेट्रो के परिचालन से शहर को जाम से काफी हद तक निजात मिल जाएगी।

प्रति किलोमीटर बताया गया था 200 करोड़ रुपए खर्च

वाराणसी मेट्रो के सर्वे में राइट्स ने बीएचयू, तुलसी मानस मंदिर, रत्नाकर पार्क, बंगाली टोला, गोदौलिया, चौक, बेनिया पार्क, मौलवी बाग, काशी विद्यापीठ, कैंट रेलवे स्टेशन, नदेसर, कचहरी, भोजूबीर, संगम कॉलोनी, शिवपुर, तरना से भेल स्टेशन को चिह्नित किया था। इस रूट पर मेट्रो के परिचालन के लिए प्रति किलोमीटर 200 करोड़ रुपए का खर्च बताया गया था। अधिक खर्च की वजह से परियोजना लंबित हो गई थी।

अगले साल यात्री कर सकेंगे रोप-वे से सफर

वाराणसी में अगले साल से लोग रोप-वे से भी सफर कर सकेंगे। इस वित्तीय वर्ष में इस परियोजना की रफ्तार तेज होने वाली है। उत्तर प्रदेश सरकार ने रोप-वे परियोजना के लिए बजट आवंटित किया है। इसके तहत कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक रोप-वे परियोजना को समय से पूरा किया जाना है। अभी रोप-वे रूट पर पेयजल, सीवर, बिजली समेत अन्य लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है। शासन ने इससे पहले 30 करोड़ रुपए जारी किए थे। अब जमीन अधिग्रहण के लिए 77 करोड़ रुपए जारी होने हैं। बजट आवंटन के बाद इस राशि से यह परियोजना रफ्तार पकड़ेगी।

जाम से निजात के लिए मेट्रो, रोप-वे एवं सड़कों का चौड़ीकरण

वाराणसी में पिछले कुछ साल में पर्यटकों की संख्या में जबर्दस्त बढ़ोतरी हुई है। इस वजह से आए दिन सुबह से देर रात तक शहर में जाम लगा रहता है। इससे पर्यटकों एवं शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए मेट्रो, रोप-वे का परिचालन किया जाना है। दोनों परियोजनाओं को लेकर काम शुरू हो चुका है। वहीं, सड़कों का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। अगले दो-तीन महीनों में कई सड़कें चौड़ी भी हो जाएंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article