वाराणसी

कुशीनगर में आवारा कुत्तों का आतंक, महिला को नोच-नोच कर मार डाला!

कुशीनगर में एक 30 वर्षीय महिला को कथित तौर पर आवारा कुत्तों ने नोच-नोच कर मार डाला। महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। ग्रामीणों के अनुसार धान के खेत से उसका शव बरामद हुआ, जहां कुत्ते उसे नोच रहे थे। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या की सही वजह पता चल सकेगी।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Kushinagar Dog Attack: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में कथित तौर पर आवारा कुत्तों के झुंड ने मानसिक रूप से विक्षिप्त एक महिला को नोच-नोच कर मार डाला। यह घटना मंगलवार रात हाटा थाना क्षेत्र के गांव अर्जुन डुमरी में हुई। हाटा के थाना प्रभारी रामसहाय चौहान ने बताया कि शाम करीब सात बजे उन्हें सूचना मिली कि माधुरी (30) नामक एक महिला का शव ग्राम पंचायत भवन के पास धान के खेत में पड़ा है और आवारा कुत्ते उसे नोच रहे हैं। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, कुत्तों को भगाया और शव को कब्जे में ले लिया।

खेत में शव नोच रहे थे कुत्ते

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और संभवत: मंगलवार को किसी कारणवश पंचायत भवन के पीछे गई होगी, जहां उसकी मौत हो गई। बाद में कुत्ते शव को नोचते देखे गए। ग्रामीणों ने बताया कि महिला अक्सर गांव में घूमती रहती थी, लेकिन सोमवार को वह लापता हो गई। उसके परिवार ने उसे काफी तलाशा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उसका शव धान के खेत में मिला, जिसे कुत्ते नोच रहे थे।

इलाके में आवारा कुत्तों का खौफ

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आवारा कुत्ते इलाके में खतरा बने हुए हैं और ग्रामीणों ने एक साल पहले एक गाय और एक बकरी पर कुत्तों द्वारा किए गए हमलों की घटनाओं का हवाला दिया। कस्या के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुंदन सिंह ने कहा कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। हाटा के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) योगेश्वर सिंह ने बताया कि प्रशासन को आवारा कुत्तों के कारण हुई कथित मौत के बारे में सूचित कर दिया गया है और विवरण की पुष्टि के लिए खंड विकास अधिकारी को भेजा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article