Varanasi Weather Change: जिले में मौसम का मिजाज काफी तेजी से बदल रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे लोगों को गर्मी बेचैन कर रही है। फरवरी महीने में ही अप्रैल और मई जैसी धूप निकल रही है। पिछले सात दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सात डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक पुरवा हवा चलने के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है। आम तौर पर होली तक गुनगुनी धूप रहती है। इसके बाद गर्मी की शुरुआत होती है, लेकिन इस साल फरवरी के दूसरे हफ्ते से ही गर्मी पड़ने लगी है।
पिछले कुछ दिनों से पुरवा हवा चलने से मौसम बिल्कुल साफ हो गया है। मंगलवार को भी बहुत तेज धूप निकली। शाम के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिली। ऐसे में लोग अभी से ही अपने-अपने घर में पंखा चलाने लगे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहेगा। आर्द्रता 53 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस दौरान तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बह रही थी।
