वाराणसी

Dev Diwali 2023: 11 लाख दियों से सजेंगे काशी के गंगा घाट, कार्यक्रम में कई देशों के राजनयिक होंगे शामिल

Dev Diwali 2023: यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि वाराणसी में देव दीपावली पर 11 लाख दियों से गंगा घाट सजेंगे और कई कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। जिसमें कई देशों के राजनयिक शामिल होंगे।

Image

वाराणसी में देव दीपावली महोत्सव (फोटो साभार - istock)

Dev Diwali 2023: वाराणसी में देव दीपावली महोत्सव का आयोजन होने वाला है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 27 नवंबर को वाराणसी में गंगा के तट पर 11 लाख दिए जलाए जाएंगे। देव दीपावली के अवसर पर कई कार्यक्रम भी आयोजित होने जा रहे हैं। इसमें लाइट एंड लेजर शो का भी आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि काशी के देव.दीपावली महोत्सव में कई देशों के राजनयिक सम्मिलित होने के लिए आएंगे।

इस दिन मनाते हैं ये पर्व

वाराणसी में देव दीपावली का पर्व हर साल धूम धाम से मनाया जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार यह पर्व कार्तिक माह की पूर्णिमा तिथि को पड़ता है। इस साल देव दीपावली 27 नवंबर को पड़ रही है। इस दिन वाराणसी के गंगा घाटों पर लाखों दिए जगमगाएंगे। हिंदू धर्म में देव दीपावली का बहुत महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान शिव ने राक्षस त्रिपुरासुर का वध किया था। इसी का जश्न मनाने के लिए सभी देवी देवता काशी आए और दीप जलाकर उत्सव मनाया। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाता है। इस दिन दीपदान का भी बहुत महत्व होता है। इस दिन श्रद्धालु दीप जलाकर गंगा नदी में छोड़ते हैं।

भव्य होगी इस बार की देव दीपावली

इस साल देव दीपावली को लेकर वाराणसी में जोरों से तैयारियां चल रही हैं। इस बार पर्व में मिट्टी के दिये के साथ ही गोबर के दिये भी जलाए जाएंगे। देव दीपावली पर श्रीविश्वनाथ धाम के द्वार और चेतसिंह घाट पर लाइट एंड साउंड शो आयोजित होगा। इस दौरान काशी को महादेव से जोड़ने वाली कथा सुनाई जाएगी। लाइट एंड साउंड शो को कई बार दिखाया जाएगा, ताकि सभी श्रद्धालु इसे देख सके। इसके अलावा गंगा द्वार के सामने रेत पर ग्रीन आतिशबाजी भी की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!