वाराणसी-गाजीपुर हाइवे पर एक कार जैसे ही कैथी टोल प्लाजा पर पहुंची, उसमें अचानक आग लग गई। कार में आग लगने की घटना को देखते हुए टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार के ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और वह कार से बाहर कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी, इससे टोल प्लाजा पर काले धुएं का गुबार देखा गया और वहां हड़कंप मच गया।
वाराणसी-गाजीपुर हाइवे पर कार में लगी आग
कार में आग क्यों लगी, अभी तक इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पायी है। कहा जा रहा है कि अज्ञात कारणों की वजह से कार में आग लगी थी। इस घटना की वजह से सड़क पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। तमाम गाड़ियां धूं-धूं कर चल रही कार से दूरी बनाए रहीं और ड्राइवर टोल प्लाजा तक जाने से बचते रहे। टोल प्लाजा पर मौजूद उसके कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जलकर राख हो गई कार
कार में आग लगने की यह घटना वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी टोल प्लाजा की है। कार में आग लगने के बाद टोल प्लाजा पर मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को इस संबंध में सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, कार में लगी आग इतनी भयंकर थी कि कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई।
जैसा कि हमने ऊपर बताया ड्राइवर में सूझबूझ दिखाते हुए कार में आग लगते ही इससे बाहर कूदकर जान बचा ली। इस तरह से इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जलती कार से बाहर कूदे ड्राइवर की टोल प्लाजा पर मौजूद लोगों ने मदद की और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना से लें सबक
इस घटना से सबक लेते हुए आपको भी अपनी कार की नियमित जांच करते रहना चाहिए। नियमित जांच से आप अपनी कार को सुरक्षित रख सकते हैं।
