Bhadohi House Balcony Collapsed: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सुरियावा थाना इलाके में एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा तीन बच्चों पर ढह गए। जिससे सात साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बांस-बल्ली पकड़कर खेल रहे थे बच्चे
पुलिस के मुताबिक, भदोही के सुरियावा थाना के पाली बाजार में रविवार देर शाम यह हादसा हुआ। सुरियावा थाना के प्रभारी अरविंद कुमार गुप्ता ने सोमवार को बताया की राजेश गुप्ता नामक व्यक्ति अपने नवनिर्मित मकान में का छज्जा बनवा रहे थे और इसके नीचे कई बांस और बल्ली लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि राजेश का सात साल का बेटा शांतनु उर्फ छोटू, पड़ोस में रहने वाले अंश(6) और सात साल की सौम्या रविवार देर शाम को बांस और बल्ली पकड़ कर दौड़ लगाते हुए खेल रहे थे। बच्चों के खींचें जाने से अचानक बल्ली गिर गई जिससे पूरा छज्जा भरभरा कर तीनों बच्चों पर गिर गया।
शोर सुनकर पहुंचे लोग
राजेश गुप्ता ने बताया कि आवाज़ सुनकर आस पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने तीनों बच्चों को मलबे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां राजेश के बेटे शांतनु की मौत हो गई और अन्य दोनों बच्चों की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।
(इनपुट - भाषा)
