Varanasi Cricket Stadium Construction: वाराणसी स्थित गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण मार्च बाद शुरू हो सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा स्टेडियम बनवाया जाना है। इसके लिए बीसीसीआई को लीज पर जमीन मिलेगी। स्टेडियम के लिए लीज पर जमीन देने की प्रक्रिया मार्च तक पूरी हो जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल खेल विभाग के अधिकारी इसकी औपचारिकता पूरी करने में लगे हुए हैं। क्रिकेट स्टेडियम में 30 हजार दर्शक बैठ सकेंगे। वाराणसी के गंजारी में उत्तर प्रदेश का तीसरा एवं पूर्वांचल का पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाना है।
यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं एवं संसाधनों से लैस रहेगा। पवेलियन और ड्रेसिंग रूम को खास तरीके से बनाया जाना है। पार्किंग की भी अच्छी व्यवस्था रहेगी। इस स्टेडियम के निर्माण पर 400 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। अधिकारी के मुताबिक स्टेडियम में जितने मैच खेल जाएंगे, उस हिसाब बीसीसीआई को किराया देना पड़ेगा। हर मैच का 10 लाख रुपए फीस एवं 10 लाख रुपए प्रोत्साहिन समिति में जमा करना होगा।
