शहर

जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी को मिली रफ्तार; कटरा-श्रीनगर वंदे भारत अब जम्मू तक, हर मौसम में होगी शानदार यात्रा

जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती देते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा का विस्तार अब जम्मू तक कर दिया गया है। इस फैसले से जम्मू और श्रीनगर के बीच तेज, सुरक्षित और हर मौसम में निर्बाध यात्रा संभव हो सकेगी। लंबे समय से उठ रही मांग पूरी होने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और सामाजिक-आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Image

वंदे भारत एक्सप्रेस को जम्मू तक बढ़ाया गया (फोटो: पीटीआई)

Photo : PTI

Vande Bharat Express Jammu to Srinagar: जम्मू-कश्मीर में रेल सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में नॉर्दर्न रेलवे ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन अब जम्मू तक विस्तारित कर दिया गया है। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा करते हुए रेलवे ने यात्रियों को तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय सफर का नया विकल्प प्रदान किया है।

इस विस्तार के बाद जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच सीधी और निर्बाध रेल कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो गई है। अब यात्री जम्मू से श्रीनगर के बीच की दूरी पांच घंटे से भी कम समय में तय कर सकेंगे, जिससे सड़क मार्ग की तुलना में काफी समय की बचत होगी। गौरतलब है कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अक्सर भूस्खलन, भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण यातायात बाधित रहता है। ऐसे में रेल सेवा का यह विस्तार यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद साबित होगा।

स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत

वंदे भारत सेवा का यह विस्तार यात्रियों को एक ऐसा भरोसेमंद विकल्प प्रदान करता है, जो हर मौसम में संचालन योग्य है और सुरक्षा, आराम तथा समय की नियमितता सुनिश्चित करता है। सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेनें आधुनिक यात्री सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्थाओं और बेहतर सफर अनुभव के साथ संचालित होती हैं, जिससे यात्रा न केवल तेज बल्कि अधिक आरामदायक भी बन जाती है। इस कदम से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

जम्मू को सीधे श्रीनगर से जोड़ा जाए

साथ ही, पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियों में आसानी आएगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उधमपुर–श्रीनगर–बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना का लोकार्पण 6 जून 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इस ऐतिहासिक परियोजना के शुरू होने के बाद क्षेत्र के निवासी, व्यापारी, छात्र और पर्यटक लगातार यह मांग कर रहे थे कि सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत सेवा के जरिए जम्मू को सीधे श्रीनगर से जोड़ा जाए। यह उपलब्धि केंद्र सरकार और भारतीय रेल की बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने तथा जम्मू-कश्मीर के नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article