श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए हादसे के बाद हालात अब भी सामान्य नहीं हो पाए हैं। यात्रा रुकी हुई है, लेकिन इस बीच कटरा में श्रद्धालुओं का जमावड़ा भी लगातार बना हुआ है। बिहार, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा सिहत कई राज्यों से पहुंचे हजारों यात्री यहां फंसे हुए हैं और यात्रा शुरू होने की कोई स्पष्ट जानकारी उन्हें नहीं मिल पा रही है।
श्री माता वैष्णो देवी मंदिर (फोटो - http://www.maavaishnodevi.org)
श्रद्धालुओं का आरोप है कि श्राइन बोर्ड की तरफ से अब तक न तो ठोस इंतजाम किए गए हैं और न ही स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। यात्रियों का कहना है कि सीईओ सचिन कुमार वैश्य न तो आम जनता से मिल रहे हैं और न ही मीडिया से बातचीत कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि बोर्ड की ओर से अब तक यह नहीं बताया गया कि यात्रा कब से शुरू होगी। यात्रियों का आरोप है कि उनके रहने और खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इतना ही नहीं, हादसे में मारे गए लोगों की आधिकारिक संख्या भी बोर्ड की तरफ से अब तक जारी नहीं की गई है।
स्थानीय लोग और श्रद्धालु लगातार श्राइन बोर्ड से पारदर्शिता और ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। ताकि, इस तरह की अव्यवस्था और असमंजस की स्थिति आगे न बने।
