शहर

Ankita Bhandari Murder: सीएम धामी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता मुलाकात कर दिलाया मदद का भरोसा

Ankita Bhandari Murder Update: मुख्यमंत्री ने अंकिता के परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हमेशा पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है

Image

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (फाइल फोटो: canva)

Ankita Bhandari Murder Update: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जमकर राजनीति हो रही है। उत्तराखंड में कई जगहों पर अंकिता भंडारी के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसी बीच उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मुख्यमंत्री आवास में अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी से भेंट की। इस अवसर पर माता-पिता ने प्रकरण से संबंधित अपने मंतव्य और भावनाएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हमेशा पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग देने और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का भरोसा भी दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अंकिता भंडारी प्रकरण पर पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और इस दिशा में सरकार ने पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि महिला अधिकारी रेणुका देवी की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था, जिसने मामले की जांच की। परिणामस्वरूप तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।मुख्यमंत्री धामी ने यह कहा कि अब किसी कथित ऑडियो क्लिप के आधार पर प्रदेश में अनावश्यक माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि न्यायिक प्रक्रिया पूरी गंभीरता से अपने निष्कर्ष तक पहुंच चुकी है और दोषियों को कड़ी सजा मिल चुकी है।

सीबीआई जांच पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पूरे प्रदेश की जनता की भावनाएं बेटी अंकिता के साथ जुड़ी हुई हैं, लेकिन इस दुखद घटना से सबसे अधिक प्रभावित उसके माता-पिता हैं। उन्होंने कहा था कि वे स्वयं अंकिता के माता-पिता से बात करेंगे और उनकी भावनाओं, पीड़ा एवं अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ही आगे कोई निर्णय लिया जाएगा। अब सीएम धामी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से अपने सरकारी आवास में मुलाकात की है और इसके साथ ही हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article