शहर

उत्तराखंड में बारिश ने मचाई तबाही, रुद्रप्रयाग और चमोली में फटा बादल, कई परिवार मलबे में फंसे

उत्तराखंड में आफत की बारिश हो रही है। इस बीच उत्तराखंड के सीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र और चमोली के देवाल क्षेत्र में बादल फटने के कारण मलबे में कुछ परिवारों के फंसे होने की खबर सामने आई है। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

Uttarakhand News: उत्तराखंड में बीती रात हुई बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार क्षेत्र और चमोली के देवाल क्षेत्र में बादल फटने की खबर सामने आई है। बादल फटने के कारण मलबे में कुछ परिवारों के फंसे होने की सूचना मिली है। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत-बचाव कार्य जारी है। भारी बारिश और बादल फटने की घटना के बाद से रुद्रप्रयाग जिले के मार्ग और राजमार्ग बाधित हो गए हैं। वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। यहां नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री द्वारा रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में बादल फटने की सूचना एक्स पर पोस्ट कर साझा की गई।

सीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा की "जनपद रुद्रप्रयाग के तहसील बसुकेदार क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेथ डुंगर तोक और जनपद चमोली के देवाल क्षेत्र में बादल फटने के कारण मलबा आने से कुछ परिवारों के फंसे होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, इस संबंध में निरंतर अधिकारियों से संपर्क में हूं, आपदा सचिव और जिलाधिकारियों से बात कर बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं।" उन्होंने पोस्ट में ये भी लिखा है कि 'बाबा केदार से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।'

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और प्रभावित इलाकों में पुलिस द्वारा अनाउंसमेंट करके लोगों को सतर्क कर रही है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मंदाकिनी नदी के जलस्तर ने खतरे के निशान को किया पार दिया। निचले इलाकों को अलर्ट पर रखा गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट पर हैं। इस बीच रुद्रप्रयाग जिले के सिरोबगड़, बांसवाड़ा (स्यालसौड़) व कुंड से चोपता के मध्य 4 अलग-अलग स्थानों पर राजमार्ग बाधित हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article