शहर

उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड ने मचाया हड़कंप; देहरादून में स्कूल हुए बंद; पिथौरागढ़-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट

Uttarakhand Rain: उत्तराखंड में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। देहरादून के मालदेवता स्थित कुंड गांव में भूस्खलन से सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण कई गांवों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि देहरादून में सोमवार को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।

Image

उत्तराखंड में बारिश का रौद्र रूप! (AI फोटो)

Uttarakhand Rain: उत्तराखंड में मानसून की बारिश अब मुश्किलें बढ़ाने लगी है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। देहरादून के मालदेवता क्षेत्र स्थित कुंड गांव में लैंडस्लाइड के चलते सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ों में मिट्टी और चट्टानों के खिसकने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। वहीं, देहरादून समेत मैदानी इलाकों में भी मौसम को लेकर प्रशासन सतर्क है। वहीं कल यानी सोमवार को देहरादून में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

मालदेवता में लैंडस्लाइड से रास्ता तबाह

देहरादून के मालदेवता इलाके में कुंड गांव के पास पहाड़ी का एक हिस्सा खिसककर सड़क पर आ गया। भारी मात्रा में मलबा आने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालात ऐसे हैं कि स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है और आसपास के कई गांवों का राजधानी देहरादून से संपर्क बाधित हो गया है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्र की जमीन कमजोर हो रही है। ऐसे में आने वाले समय में भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मौके की तस्वीरें बारिश से पैदा हुई स्थिति की गंभीरता को दिखा रही हैं।

उत्तरकाशी और चमोली में भी बढ़ी परेशानी

देहरादून के अलावा उत्तरकाशी और चमोली जिलों में भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर सड़कें मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से यातायात प्रभावित हुआ है। चारधाम यात्रा मार्गों और सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित सड़कों को खोलने और यातायात को सामान्य करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। हालांकि, बारिश जारी रहने के कारण राहत और सड़क बहाली के काम में भी चुनौतियां बनी हुई हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में पहाड़ी क्षेत्रों की अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विभाग की ओर से सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बंद सड़कों को खोलने का काम लगातार जारी है और प्रशासनिक स्तर पर जरूरी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की।

पहाड़ों में सफर से बचने की सलाह

आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि फिलहाल पहाड़ी इलाकों में गैर-जरूरी यात्रा न करें। नदी और नालों के आसपास जाने से बचें। जिन इलाकों में पहाड़ी ढलान कमजोर हैं या पहले भूस्खलन हो चुका है, वहां विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि अगर यात्रा के दौरान किसी स्थान पर सड़क कटी हुई दिखाई दे या रास्ते पर मलबा जमा हो, तो आगे जाने की कोशिश न करें। ऐसे स्थान पर वाहन रोकने के बजाय सुरक्षित जगह लौटना ही बेहतर है। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें।

Abhishek Sinha
अभिषेक सिन्हाauthor

पत्रकारिता में 23वर्षों का अनुभव पिछले 19 वर्षों से उत्तराखंड की छोटी से लेकर बड़ी ख़बरों को करने में अहम योगदान एवं सबसे आगे, दिल्ली एनसीआर में जैन टीवी और BAG फिल्म्स के साथ उत्तराखण्ड में आजतक टीवी9,live india, और समाचार प्लस के लिए इनवेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म के तहत कई बड़ी ख़बरों को जनता के सामने बड़ी निर्भीकतापूर्वक और ईमानदारी के साथ पेश किया और कई प्रतिष्ठित संस्थानों में अहम भूमिका के साथ जन सरोकार की ख़बरों में प्रमुखता से सबसे आगे और सटीक जानकारी के साथ ख़बरों को जनता के सामने परोसने का जस्बा और हिम्मत भरा लंबा सफ़र.

और पढ़ें
End of Article