Uttarakhand News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में बादल फटने से एक बार फिर तबाही के मंजर दिख रहे हैं। इसी बीच रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार तहसील के अंतर्गत आने ववाले बड़ेथ डुंगर तोक क्षेत्र में बादल फटने से तबाही मच गई है। यहां बादल फटने के बाद मलबा आने से काफी नुकसान हुआ है। जिले प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चला रहा है।
जिले के छेनागाड़ में भी बादल फटने से हालात खराब हो गए हैं। इस मौके पर केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल ने पहुंचकर लोगों की समस्या जानी। लोगोंसे बातचीत करते हुए विधायक आशा नौटियाल भावुक भी हो गईं।
छेनागाड़ क्षेत्र में 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रहा है। प्रशासन ने सूचना मिलते ही त्वरित निर्णय लेते हुए आपदा प्रबंधन की टीमें, SDRF, DDRF और स्थानीय प्रशासनिक बलों को मौके पर भेज दिया है। रेस्क्यू अभियान पूरी मुस्तैदी से चलाया जा रहा है। इसी प्रकार, जखोली क्षेत्र में एक महिला के हताहत होने की सूचना प्राप्त होते ही क्षेत्र में राहत और बचाव दल को तत्काल रवाना कर दिया गया है।
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है, जिससे निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। पुलिस लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क कर रही है, जबकि स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट पर है। रुद्रप्रयाग जिले के सिरोबगड़, बांसवाड़ा (स्यालसौड़) और कुंड से चोपता के बीच चार स्थानों पर राजमार्ग बाधित हो गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।
