Haridwar Bus Accident: धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शांतिकुंज के पास बैक करते समय यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
हरिद्वार में बस पलटने से बड़ा हादसा, एक महिला की मौत, 16 घायल
बस को बचाने के चक्कर में ढाबे में घुसा डंपर
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बस चालक शांतिकुंज के पास सड़क किनारे गाड़ी को बैक (Reverse) कर रहा था। इसी दौरान चालक अचानक संतुलन खो बैठा और बस सड़क पर ही पलट गई।
हादसा इतना अचानक हुआ कि सामने से आ रहे एक डंपर चालक ने बस को सीधी टक्कर से बचाने के लिए अपनी गाड़ी को तेजी से मोड़ा, लेकिन इस प्रयास में डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो कार भी डंपर की चपेट में आने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
राजस्थान की महिला की मौत, अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य (Rescue Operation) शुरू किया। बस के भीतर फंसे यात्रियों को शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया और सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान पुष्पा (उम्र 50 वर्ष), पत्नी भंवर सिंह, निवासी गांव रातनगा, थाना रोल, जिला नागौर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और मृतका के परिजनों को सूचना दी जा रही है।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम (SDM) हरिद्वार योगेश मेहरा और शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने खुद जिला अस्पताल जाकर घायलों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत गंभीर है, लेकिन सभी को बेहतर इलाज दिया जा रहा है।
