पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी, 3,000 मीटर का होगा रनवे, बड़े विमानों की आवाजाही का रास्ता साफ

उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने हेतु पंतनगर एयरपोर्ट के 375.33 करोड़ रुपये के विस्तार को पर्यावरणीय स्वीकृति मिल गई है, जिससे रनवे की लंबाई बढ़कर 3,000 मीटर होगी और बड़े विमान उतर सकेंगे।

उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय स्वीकृति मिल गई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की लगभग 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत पंतनगर एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर की जाएगी। इससे बड़े विमानों के संचालन की सुविधा विकसित हो सकेगी।

pantnagar

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी (फोटो- ANI)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरणीय स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही आपदा की परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भी बेहतर हवाई सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

End of Feed