उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (31 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 1 फरवरी को अलग-अलग जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा और कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बुंदेलखंड तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
बता दें कि, शुक्रवार को ठंड ने फिर से अपना असर दिखाया। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि के चलते कानपुर समेत आसपास के जिलों में घना कोहरा छाया रहा। दिन में करीब 12 बजे तक सूरज कोहरे की चादर में छिपा रहा, जिसके बाद हल्की धूप निकली और तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह के समय कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण गलन बढ़ गई, जिससे लोगों को दोबारा जैकेट और मफलर का सहारा लेना पड़ा।
इन जिलों में बारिश-बिजली की आशंका
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) और बुलंदशहर सहित आसपास के इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। इसके अलावा ब्रज क्षेत्र और मध्य यूपी के अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और औरैया में भी वर्षा व वज्रपात की संभावना बनी हुई है। रुहेलखंड क्षेत्र के बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं तथा बुंदेलखंड के जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों में भी बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने के संकेत हैं।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश के दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में इसका असर ज्यादा दिखाई देने की संभावना है। वज्रपात को देखते हुए IMD ने लोगों से खराब मौसम के समय खुले स्थानों पर न जाने और पेड़ों या बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। तेज हवाओं और बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर फिर से बढ़ने की संभावना है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में आज 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 और 2 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 फरवरी को कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है। तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों में कोई खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद धीरे-धीरे 3–5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और फिर कुछ दिनों बाद 2–4 डिग्री की गिरावट संभव है। कोहरे को लेकर चेतावनी है कि 31 जनवरी की सुबह तक उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 फरवरी तक अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा रहने की संभावना बनी रहेगी।
