उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (17 February 2026): उत्तर प्रदेश में फरवरी की हल्की धूप के बीच मौसम में जल्द ही बदलाव आने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। फरवरी के तीसरे हफ्ते की शुरुआत के साथ ही गर्मी का अहसास होने लगा है, जिससे लोग धीरे-धीरे अपने गर्म कपड़े पैक करने लगे हैं। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने बड़ा अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि अगले 24 घंटों के भीतर राज्य के मौसम में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है, लेकिन इसका न्यूनतम तापमान पर खास असर नहीं पड़ेगा। ऐसे में, लोगों सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आज 17 और कल 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, पूरे राज्य में भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। बादलों के प्रभाव से धूप का असर थोड़ी देर के लिए कम रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि आगरा, मथुरा, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, इटावा, औरैया, फिरोजाबाद और हाथरस जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है।
तापमान का कैसा रहेगा हाल?
मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले 2-3 दिनों तक किसी बड़े मौसम प्रणाली के सक्रिय न होने की वजह से तापमान में लगभग 2°C की धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इसके बाद 17 फरवरी से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात का न्यूनतम तापमान 2-3°C और बढ़ सकता है। हालांकि, दिन का अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पश्चिमी क्षेत्रों में येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को मौसम में बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से किसानों और यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए अपनी योजनाओं को प्लान करें, क्योंकि हल्की बारिश और हवाओं का असर फसलों और रोजमर्रा की गतिविधियों पर पड़ सकता है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने अहम जानकारी देते हुए बताया है कि आने वाले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छा सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से कल 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे मौसम में बदलाव आएगा और धूप का असर कम हो जाएगा।
