उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (02 February 2026): पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम में हो रही गतिविधियों और मैदानी हिस्सों में बढ़ती नमी के कारण उत्तर प्रदेश में एक बार फिर घना कोहरा छाने की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने आज 2 फरवरी को प्रदेश के करीब 30 जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। तराई क्षेत्रों से लेकर दिल्ली-एनसीआर से सटे गाजियाबाद और मेरठ जैसे जिलों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रह सकती है।
कोहरे के असर से सड़क मार्ग पर आवाजाही में दिक्कतें आ सकती हैं, वहीं रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है। आज यानी 2 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के साथ झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत समेत आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।
इन क्षेत्रों में मौसम में बदलाव के आसार
राज्य के कई क्षेत्रों में आज मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई जा रही है।
न्यूनतम तापमान का पूर्वानुमान
साथ ही, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज झोंकों के साथ हवाएं चल सकती हैं। तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, जबकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 5 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा बने रहने की संभावना बनी हुई है।
