उत्तर प्रदेश का मौसम (01 Feb 2026) UP Weather Today: यूपी में पश्चिमी विक्षोभ का असर; कई जिलों में गरज-चमक संग बारिश का अलर्ट, बढ़ेगी और भी ठंड
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Feb 1, 2026, 05:00 AM IST
उत्तर प्रदेश का मौसम (उत्तर प्रदेश में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01 Feb 2026: उत्तर प्रदेश में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में आज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (01 February 2026): उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। फरवरी की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बदले हुए मौसम की स्थिति देखने को मिल सकती है। आज 1 फरवरी को, यूपी के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।
IMD का कहना है कि पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश के साथ मेघगर्जन और बिजली चमकने के आसार हैं। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम सक्रिय रह सकता है। इसके अलावा अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। शाम और रात के समय बिजली गिरने का खतरा अधिक बताया गया है।
तेज हवाओं से बढ़ेगी ठंड
बारिश के दौरान कई इलाकों में तेज़ और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर के आसपास हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का अहसास और बढ़ सकता है।
तराई क्षेत्रों में ‘कोल्ड डे’ के हालात
जहां पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में बारिश की संभावना है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं। महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती जैसे तराई क्षेत्रों में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बन सकती है। दिन के तापमान में गिरावट से ठिठुरन और अधिक महसूस की जा सकती है। ऐसे मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
आगामी पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 2 से 3 फरवरी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस अवधि में कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति लगभग 30–40 किमी प्रति घंटा तथा झोंकों में 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अगले 24 घंटों में प्रदेश में रात के तापमान में लगभग 3–5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जबकि इसके बाद तापमान में खास बदलाव नहीं होगा और आगे चलकर कुछ दिनों में 2–4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।