शहर

कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर यूपी सरकार अलर्ट, सुरक्षा से ट्रैफिक तक 'जीरो इंसिडेंट-जीरो एक्सीडेंट' मिशन पर अधिकारियों को सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश सरकार ने कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने समीक्षा बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और निगरानी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

Image

बाबा भोले के भक्तों की यात्रा होगी सुरक्षित

Photo : PTI

Kanwar Yatra 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने सोमवार को कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि यात्रा को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोनों अधिकारियों ने उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक ने मेरठ मंडलायुक्त सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पड़ोसी राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी डिजिटल माध्यम से भाग लिया।

बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण

बैठक से पहले मुख्य सचिव ने मेरठ स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जलाभिषेक किया। गोयल ने बताया कि कांवड़ यात्रा एक महत्वपूर्ण और विशाल धार्मिक आयोजन है, जिसे बिना किसी अप्रिय घटना या दुर्घटना के संपन्न कराना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस, बाइक एंबुलेंस, मोबाइल शौचालय, सड़क मरम्मत, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त (सावन शिवरात्रि) तक चलेगी।

'जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट' के लक्ष्य पर जोर

अधिकारी ने बताया कि कांवड़ शिविरों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए और विद्युत, अग्नि सुरक्षा व खाद्य सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने 'जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट' के लक्ष्य के साथ कार्य करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने सीमावर्ती राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय, संयुक्त मार्ग योजना, यातायात का परिवर्तन और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम स्तर तक सुरक्षा समितियों के साथ संवाद बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

कानून-व्यवस्था और यातायात न हो प्रभावित

वहीं पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि यात्रा के दौरान किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था और यातायात प्रभावित न हो। उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। कृष्ण ने डीजे संचालन को उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप रखने, डीजे की ऊंचाई निर्धारित सीमा के भीतर रखने और डीजे संचालकों का सत्यापन समय पर पूरा करने को कहा। उन्होंने बिना साइलेंसर वाले वाहनों, स्टंटबाजी और अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा ऐसी किसी भी सूचना के प्रसार पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर भी पैनी नजर रखने को कहा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article