शहर

Delhi News: पानी का गुब्बारा बना बवाल की वजह, उत्तम नगर में होली के बाद से तनाव जारी, भारी पुलिस बल तैनात

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन दो परिवारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : IANS

Delhi News: दिल्ली के उत्तर नगर में होली के दिन दो परिवारों के बीच हुए विवाद के बाद से इलाके में तनाव का माहौल जारी है। इस विवाद में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में अर्धसैनिक बलों और पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारी ने कहा कि इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि एक हिंदू राजनीतिक संगठन के सदस्यों ने भी पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, जिसमें तरुण (26) की मौत और पीड़ित परिवार पर हुए कथित हमले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। यह घटना बुधवार को उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में हुई, जब होली के जश्न के दौरान अलग अलग समुदाय के दो परिवारों के बीच विवाद हिंसा में बदल गया।

पानी के गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि विवाद एक गुब्बारे से रंगीन पानी के छींटे पड़ने के बाद शुरू हुआ, जिससे दोनों परिवारों के सदस्यों के बीच तीखी बहस हो गई। इस झड़प में गंभीर रूप से घायल हुए तरुण ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि छत पर होली खेल रही 11 वर्षीय बच्ची ने नीचे अपने रिश्तेदारों पर पानी का गुब्बारा फेंका था, लेकिन वह सड़क पर गिरकर फट गया, जिससे दूसरे परिवार की एक महिला पर रंगीन पानी के छींटे आ गए।

होली खेलकर लौट रहे तरुण पर किया हमला

झड़प में घायल हुए तरुण के दादा मान सिंह ने आरोप लगाया कि महिला ने उन्हें अपशब्द कहे और जल्द ही अपने परिवार के कई सदस्यों को इकट्ठा कर लिया, जिन्होंने कथित तौर पर होली खेल रहे लोगों पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हालांकि शुरू में स्थिति शांत होती दिखी, लेकिन बाद में लोगों का एक समूह फिर से इकट्ठा हुआ और तरुण पर उस समय हमला कर दिया जब वह अपने दोस्तों के साथ होली खेलकर घर लौट रहा था। सिंह ने दावा किया, "उन्होंने उसे बेरहमी से पीटा और जब वह सड़क पर पड़ा था तो उसके सीने पर एक बड़ा पत्थर भी फेंका।"

परिवार ने कहा- विवाद से अनजान था तरुण

तरुण के चाचा रमेश ने भी आरोप लगाया कि युवक पहले हुए विवाद से अनजान था और जब उसने गली में प्रवेश किया तो लाठी, डंडे और पत्थरों से लैस आठ से दस लोगों के समूह ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद, परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर उत्तम नगर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इलाके में खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया और प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों से भिड़ने की कोशिश भी की। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।

पुलिस ने कहा कि स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है। द्वारका के उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने कहा, " पुलिस टीमों ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।"

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article