Crime News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। STF की टीम ने साल 2019 में राजधानी लखनऊ में हुए एक सनसनीखेज टैक्सी ड्राइवर हत्याकांड में लंबे समय से वांटेड और 50,000 रुपये के इनामी घोषित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए शातिर अपराधी की पहचान मोनू यादव उर्फ अभिमन्यु यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के थाना सुखपुरा इलाके का रहने वाला है। STF ने इसे राजस्थान के डीडवाना जिले से घेराबंदी कर दबोचा है।
UPSTF ने राजस्थान से किया गिरफ्तार
गाड़ी लूटने की नीयत से की थी हत्या
STF द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में अभियुक्त मोनू यादव ने अपना गुनाह कबूल करते हुए 7 साल पहले हुई इस खौफनाक वारदात का पूरा सच उगल दिया। अभियुक्त ने बताया कि 14 जुलाई 2019 की रात उसने अपने साथियों, मिथिलेश पांडे, छोटू सिंह और मोहन यादव के साथ मिलकर गाड़ी लूटने की साजिश रची थी। इन लोगों ने चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने के बहाने एक टैक्सी बुक की, जिसे चालक शुभम पांडे चला रहा था। रास्ते में इन सभी ने मिलकर गाड़ी छीनने के इरादे से ड्राइवर शुभम पांडे की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए आरोपियों ने शुभम के शव को एक नहर में फेंक दिया और लूटी गई टैक्सी को लेकर वाराणसी फरार हो गए थे।
सरोजिनी नगर थाने में दर्ज है मुकदमा
टैक्सी ड्राइवर शुभम पांडे की हत्या के इस मामले में लखनऊ के सरोजिनी नगर कमिश्नरेट थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस वारदात के बाद से ही मोनू यादव पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसके बाद प्रशासन ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। UP STF ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आखिरकार आरोपी को राजस्थान के डीडवाना में ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। UP STF की टीम ने आरोपी को लखनऊ लाकर स्थानीय सरोजिनी नगर थाना पुलिस को सौंप दिया है, जहां उसके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजने की तैयारी जा रही है।
