यूपी में आज का मौसम (16 July 2026): गर्मी और उमस की मार झेल रहे यूपीवासियों को जल्द ही राहतभरी बारिश मिलने वाली है। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून एक्टिव होने वाला है। 24 घंटे बाद राज्य में भारी बारिश का सिलसिला फिर से शुरू होने वाला है। आज सुबह भी बाराबंरी, लखनऊ समेत 10 शहरों में बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में बादल भी छाए हुए हैं, हालांकि आज गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
यूपी में मानसून फिर होगा एक्टिव (सांकेतिक फोटो)
यूपी में 16 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत अधिकांश जिलों में हॉट डे का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज गर्मी और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। कुछ जिलों में छिटपुट बारिश भी देखने को मिल सकती है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी ने आज बादलों की सक्रियता बढ़ने की संभावना जताई है। जिसके बाद शुक्रवार से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।
यूपी में मानसून की बढ़ेगी सक्रियता
मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा के उत्तरी तट पर बने लो-प्रेशर एरिया के प्रभाव से यूपी में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। बारिश की शुरुआत सबसे पहले पूर्वी हिस्से से होगी। इसके बाद अगले 48 घंटों के दौरान बारिश का दायरा बढ़ते हुए मध्यांचल और फिर पश्चिमी यूपी तक पहुंच जाएगा। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चक्रवाती परिसंचरण और मानसून द्रोणी के तराई क्षेत्र की ओर बने रहने की वजह से बारिश मुख्य रूप से पूर्वी तराई के कुछ इलाकों तक ही सीमित थी। हालांकि 17 जुलाई से बारिश का दौर तेज होने वाला है। 22 जुलाई तक प्रदेश में तराई समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान दिल्ली से सटे जिलों और पश्चिमी यूपी में सबसे अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है।
