शहर

बुर्काधारी महिला हरिद्वार से लेकर आई कांवड़, संभल में एक झलक पाने को उमड़ी भीड़; पुलिस ने दी सुरक्षा

Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि से पहले कांवड़ लिए एक बुर्काधारी महिला कौतुहल का विषय बनी हुई है। उनको देखने के लिए ऐसी भीड़ उमड़ी कि पुलिस को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पड़े।

Image

कांवड़ लेकर आई बुर्काधारी महिला

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • बुर्काधारी तमन्ना को देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़
  • 'बम भोले' का जयकारा लगाती बुर्काधारी तमन्ना
  • मन्नत पूरी होने पर मुस्लिम महिला हरिद्वार से लाई कांवड़

Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि से ठीक पहले एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। बुर्का पहनकर कंधे पर कांवड़ उठाए और 'बम भोले' का जयकारा लगाते हुए एक महिला इन दिनों कौतुहल का विषय बनी हुई हैं। यह महिला संभल जनपद के गांव की बताई जा रही हैं, जिनका नाम तमन्ना है। चार साल पहले तमन्ना ने अमन त्यागी नामक हिंदू युवक से शादी की थी।

रास्तों में उमड़ी भारी भीड़

बुर्का पहने हुए तमन्ना की आस्था और अनोखे अंदाज को देखने के लिए रास्तों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके चलते पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी। इस दौरान, पुलिस बुर्काधारी तमन्ना के चारों तरफ घेरा बनाकर चलते हुए नजर आई और लोग उन्हें देखने व उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश करते रहे।

अमन से तमन्ना करती थी प्यार

असमोली थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर बसई निवासी तमन्ना को चार साल पहले स्थानीय निवासी अमन त्यागी से प्यार हो गया। इसके बाद, परिवार की सहमति से दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद तमन्ना को तुलसी नाम दिया गया और दोनों खुशी-खुशी अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। दंपत्ति के दो बच्चे हैं और पूरा परिवार गांव में ही रहता है।

मन्नत पूरी होने पर लाई कांवड़

तमन्ना ने कई साल पहले मन्नत मांगी थी, जिसके पूरा होने पर कावड़ लाने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि उनकी मुराद पूरी हुई इसलिए वह कांवड़ लेकर आई हैं। जब उन्हें हिंदू अमन से प्यार हुआ तब उन्होंने मन्नत मांगी थी कि अगर अमन उन्हें मिल गए तो वह कांवड़ लेकर आएंगी।

तमन्ना ने बताया कि वह बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर चलीं तो कुछ जगह लोगों ने उन्हें परेशान करने की कोशिश की, लेकिन बाद में पुलिस ने उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे अब उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी मन्नत पूरी हो चुकी है और वह पूरे श्रद्धा भाव से जलाभिषेक करने आई हैं।

बता दें कि सीओ और कोतवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तमन्ना के साथ चल रहा है। जहां ज्यादा भीड़ हो जाती है वहां पुलिसकर्मी एक-दूसरे का हाथ पकड़कर घेरा बनाते हैं, ताकि कोई अवांछनीय तत्व तमन्ना तक न पहुंच पाए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article