शहर

यूपी: प्रोटोकॉल 'उल्लंघन' से नाराज हुए मंत्री जी, चिकित्सा अधीक्षक के तबादले का सुना दिया फरमान

अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री गोंड जिले के डिबुलगंज अनपरा स्थित संयुक्त चिकित्सालय में सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे थे।

Image

मंत्रीजी हुए नाराज

UP Minister Protocol Violation News: अस्पताल के दौरे के दौरान प्रोटोकॉल के कथित उल्लंघन से नाराज उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजीव कुमार गोंड ने सोनभद्र के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक का अन्य स्थान पर तबादला करने का निर्देश दिया है। संजीव कुमार गोंड सोनभद्र जिले में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित ओबरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

मंत्री बोले, चिकित्सा अधीक्षक मुझसे मिलने नहीं पहुंचे

अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री गोंड जिले के डिबुलगंज अनपरा स्थित संयुक्त चिकित्सालय में सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान गोंड ने पाया कि जब वह चिकित्सालय में पहुंचे तब कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे थे लेकिन चिकित्सा अधीक्षक रवि प्रताप सिंह मास्क लगाकर पीछे खड़े रहे। गोंड ने पत्रकारों से कहा, उद्घाटन स्थल पर जब डॉक्टर (चिकित्सा अधीक्षक) मिले तो उन्होंने कहा कि मंत्री जी आप मुझसे नहीं मिले। तब मैंने उनसे कहा कि चिकित्सा प्रभारी को खुद से आगे आकर प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मिलना चाहिए था।

कहा- डॉक्टर हमेशा नशे में रहते हैं

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की शिकायत है कि उक्त चिकित्सक हमेशा नशे में रहते हैं। मंत्री ने कहा, ऐसे चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई अवश्य की जाएगी। इस संबंध में सीएमओ डॉ. अश्विनी कुमार ने बताया कि बुधवार को मंत्री का फोन उनके पास आया था तब उनको जानकारी मिली कि डिबुलगंज अनपरा स्थित संयुक्त चिकित्सालय के अधीक्षक द्वारा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराकर दोषी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article