यूपी में आज का मौसम (31 May 2026): उत्तर प्रदेश में नौतपा के दौरान बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। प्री-मानसून के चलते पिछले तीन दिनों से यूपी में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। आज भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के 57 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण तापमान में बड़ी गिरावट आई है और लू का दौर तो गायब हो गया है। पूरे प्रदेश का तापमान 10 डिग्री कम होकर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जिससे गर्मी से काफी राहत मिली है।
यूपी में 31 मई को कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार आज यूपी के दोनों हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज-चमक के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। बीच-बीच में हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
2 जून से बदलेगा यूपी का मौसम
यूपी में 1 जून को भी कई जिलों में बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। जिससे दो दिन गर्मी से राहत बरकरार रहेगी। लेकिन 2 जून से मौसम में फिर बदलाव आएगा और गर्मी की फिर वापसी होगी। जिससे तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है। लेकिन लू चलने की फिलहाल कोई संभावना नहीं जताई गई है।
लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में आज आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने और बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
यूपी का सबसे गर्म जिला
यूपी में बीते दो दिनों में सबसे अधिक बारिश इटावा में 56 मिमी दर्ज की गई। जिसके बाद आगरा में 46.6 मिमी, कन्नौज में 45 मिमी, हमीरपुर में 24 मिमी और मथुरा में 12 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में शनिवार को सबसे गर्म जिला मुरादाबाद रहा, जहां का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं फतेहपुर में 38 डिग्री, अयोध्या में 36 डिग्री, आगरा में 35.2 डिग्री और वाराणसी में 35.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
