यूपी में आज का मौसम (29 March 2026): उत्तर प्रदेश में 15 मार्च के बाद से रुक-रुककर बारिश का दौर लगातार जारी है। लगातार एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। बारिश होने से गर्मी से भी राहत बनी हुई है। आज से बारिश का एक नया दौर यूपी में शुरू होने की संभावना है। जिसका प्रभाव पहले पश्चिमी यूपी में देखने को मिलेगा। जिसके बाद 30 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है। जिसके चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
यूपी में 29 मार्च को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज वेस्ट यूपी में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। आज मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, हापुड़, शामली, गाजियाबाद, बिजनौर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और आसपास के इलाकों मे हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में मौसम पूरी तरह सामान्य रहने का पूर्वानुमान है।
यूपी में अगले दो दिन मौसम का हाल
IMD के अनुसार 30 मार्च को यूपी के दोनों हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना है। इस दौरान वेस्ट यूपी में बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। जिसकी स्पीड बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं पूर्वी यूपी में भी मेघगर्जन और वज्रपात के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है, जिसकी स्पीड 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। 31 मार्च को भी यूपी के दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 3 अप्रैल को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया गया है।
यूपी में आज लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम
यूपी की राजधानी लखनऊ में आज बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। हालांकि बारिश का अनुमान नहीं जताया गया है। दिन में धूप खिली रह सकती है, जिसके चलते दिन का तापमान करीब 36 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है। अगले 24 घंटे में इसमें थोड़ी बढ़ोत्तरी हो सकते हो सकती है, जिसके बाद फिर गिरावट के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च को यूपी में दिन के तापमान में उछाल देखने को मिल सकता है। जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होगा। अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। लेकिन मौसम में बदलाव आने से तापमान में भी गिरावट होने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 2-3 दिनों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके बाद उतनी ही गिरावट होने की संभावना है।
