यूपी में आज का मौसम (10 March 2026): उत्तर प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। खासतौर से बुंदलेखंड और दक्षिणी जिलों में गर्मी परेशान कर रही है। दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे बचने के लिए लोग छाते या गमछे का सहारा ले रहे हैं। सूरज की तपिश के कारण अभी से गली-मोहल्लों में दिन के समय सन्नाटा छाने लगा है, क्योंकि लोग चिलचिलाती धूप में घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। गर्मी के साथ ही अब उमस भी समय से पहले ही आकर लोगों को परेशान कर रही है। प्रदेश में तापमान भी आसमान छूता जा रहा है। सोमवार को आगरा में 38 डिग्री के करीब तापमान पहुंच गया। जिससे दिनभर तेज गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि जल्द ही मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पिछले कई दिनों की तरह आज भी यूपी के सभी जिलों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। दिन में धूप की तल्खी परेशान कर सकती है। कई जिलों में तेज गर्मी का एहसास हो सकता है। साफ मौसम और तेज धूप के कारण तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी पड़ने लगी है, जिसे देखकर लग रहा है कि इस बार लू भी जल्द ही पड़ने की संभावना है। यूपी में 14 मार्च तक मौसम साफ ही बने रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
यूपी में 15 मार्च को बारिश के आसार
IMD के अनुसार 14 मार्च के बाद यूपी के मौसम में बदलाव दर्ज किया जा सकता है। 15 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी संभाग में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसको लेकर फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यूपी में अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके बाद इतनी ही गिरावट के आसार हैं। वहीं अगले 7 दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
यूपी में सबसे गर्म जिला
यूपी में फिलहाल दिन का तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म जिला आगरा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 8.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जिसके बाद झांसी में 36.3 डिग्री, बांदा में 35.8 डिग्री, हमीरपुर में 35.2 डिग्री और बस्ती में 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। यूपी में सोमवार को सबसे अधिक न्यूनतम तापमान बांदा में 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम पारा बुलंदशहर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
