यूपी में आज का मौसम (03 March 2026): उत्तर प्रदेश में गर्मी जोर पकड़ने लगी है। होली से पहले ही सूरज के तेवर तीखे हो गए हैं। दिन में तेज धूप निकल रही है। मौसम साफ रहने के कारण तापमान में भी लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जिससे अभी से अप्रैल-मई जैसी गर्मी दिन में महूसस होने लगी है। इस दौरान यूपी के कई हिस्सों में करीब 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रूखी पछुआ हवाएं भी चल रही हैं। प्रदेश के कुछ जिलों में अभी भी सुबह और रात के समय मौसम ठंडा बना हुआ है। लेकिन दिन में तेज धूप परेशान करने लगी है। सोमवार को यूपी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री के पार पहुंच गया। इस दौरान हमीरपुर में 34.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह से ही धूप खिली रहेगी और दिन चढ़ने के साथ ही इसकी तल्खी भी बढ़ जाएगी। इस दौरान तेज हवाओं का सिलसिला भी जारी रहेगा। जिसकी रफ्तार 35 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आने वाले दिन में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने का अनुमान जताया जा रहा है। लेकिन हवाओं के थमते ही गर्मी और तीखी महसूस होने लगेगी।
यूपी में अगले दिन तक चलेंगी तेज हवाएं
IMD के अनुसार, यूपी में अगले दो दिनों तक पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान मौसम भी साफ ही बना रहेगा। जिसके बाद 6 मार्च से हवाएं थम जाएंगी। जिसके बाद गर्मी और बढ़ने की संभावना है। 8 मार्च तक मौसम शुष्क ही बने रहने की संभावना है। तापमान की बात करें तो अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। जिसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी हो सकती है।
आज लखनऊ में कैसा मौसम रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ में मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप भी निकली रहेगी। इस दौरान तेज झोकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। आगामी 48 घंटे बाद इसमें हल्का इजाफा देखने को मिल सकता है।
यूपी में मार्च के पहले दिन ही धूप की तल्खी महसूस की गई। साथ ही रूखी पछुआ हवाएं भी चलती रहीं। सोमवार को भी तीखी धूप खिली रही। दिन में करीब 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रुखी पछुआ हवाएं चलीं, जिसने मौसम को और ज्यादा शुष्क बना दिया। मंगलवार को यूपी का सबसे गर्म जिला हमीरपुर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बांदा में 34.2 डिग्री और वाराणसी में 33.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा रहा। न्यूनतम तापमान सबसे कम अयोध्या में 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद बहराइच में 12.4 डिग्री और फुरसतगंज में 12.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
