यूपी में आज का मौसम (02 March 2026): उत्तर प्रदेश में इस बार समय से पहले गर्मी की दस्तक हो चुकी है। दिन में धूप परेशान करने लगी है। चिलचिलाती धूप में बाहर कुछ पल ठहरना भी मुश्किल हो रहा है। सूरज के तेवर अभी से देखने को मिल रहे हैं। मार्च के पहले दिन तीखी धूप और गर्मी ने लोगों के खूब पसीने छुड़ाए। सुबह-शाम पड़ने वाली सर्दी भी अब कम होती जा रही है। दिन के साथ ही अब रात में भी लोगों ने पंखे चलाना शुरू कर दिया है। हालांकि कुछ जगहों पर अभी भी सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है। रविवार को यूपी में सबसे ठंडा जिला बहराइच रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। सोमवार को यूपी में किसी भी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। अगले 5 दिनों तक यूपी का मौसम शुष्क ही बने रहने का पूर्वानुमान है। 5 मार्च तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान मौसम विभाग का कोई अलर्ट नहीं है।
यूपी में गर्मी से अभी राहत नहीं
तापमान की बात करें तो यूपी में अगले 3 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। जिसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोत्तरी हो सकती है। आईएमडी के अनुसार तापमान में अगले एक सप्ताह तक धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी जारी रहने की संभावना है। फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव नहीं है। जिसके कारण गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं हैं।
यूपी का सबसे गर्म जिला
यूपी में रविवार को 25 से ज्यादा जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे गर्म जिला बांदा और हमीरपुर रहे, जिनका अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जिसके बाद वाराणसी में 33.8 डिग्री और आगरा में 33.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। इस दौरान लगभग 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रूखी पछुआ हवाएं भी चलती रहीं। जिसके कारण मौसम और शु्ष्क बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ सकती है। हालांकि हवाएं थमने के बाद गर्मी और तेज महसूस होगी।
