शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (07 Jan 2026) UP Weather Today: मनाली से भी ठंडा यूपी का ये जिला, कोहरे ने ड्राइवरों को किया 'अंधा'; स्कूल बंद

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 07 Jan 2026: कड़ाके की ठंड और घना कोहरा जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पछुआ हवाओं से ठंड और भी ज्यादा बढ़ गई है। कई जिलों में तापमान शून्य की तरफ रेस लगाता हुआ दिख रहा है। 7 से 9 जनवरी तक घने कोहरे का अलर्ट है। हालात देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।

Image

यूपी के इस जिले में तापमान मनाली से भी कम दर्ज हुआ

यूपी में आज का मौसम (07 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिम विक्षोभ के चलते पछुआ हवाओं से समूचे राज्य में कनकनी बढ़ गई है। पारा शून्य की तरफ रेस लगाता हुआ दिख रहा है। कुछ जिलों में तो तापमान 2.6 डिग्री तक पहुंच गया है। कल यानी मंगलवार 6 जनवरी की सुबह कानपुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच सहित कुल 40 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। आज यानी बुधवार 7 जनवरी को भी भारी कोहरे का अलर्ट है। कई जगहों पर कोहरे की वजह से विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है, जिससे आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

घने कोहरे और प्रचंड ठंड की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और गाड़ियां रेंगती हुई नजर आ रही हैं। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय ओस की बूंदें मोतियों सी चमक रही हैं और ठंड के एहसास को और भी बढ़ा रही हैं। बिना अलाव के काम नहीं चल रहा है। कल मंगलवार को दिन में कई जगह धूप जरूर निकली, लेकिन रात को तापमान में अच्छी खासी गिरावट देखने को मिली। ऐसे में सलाह दी जाती है कि अगर जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।

हवा की रफ्तार बढ़ा रही ठंड का प्रकोप

आज तड़के से ही राज्य के कई जिलों में घने कोहरे की मोटी चादर देखने को मिल रही है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। कुछ जगहों पर विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक भी रह सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की रफ्तार 10-15 किमी प्रति घंटा रहेगी, जिससे ठंड और भी ज्यादा महसूस होगी। कुछ इलाकों को छोड़कर ज्यादातर हिस्सों में धूप निकलने की संभावना नहीं है।

कल और परसों का मौसम

कल यानी गुरुवार 8 जनवरी को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का प्रकोप जारी रह सकता है। विजिबिलिटी शून्य के करीब रह सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहेगा। हालांकि, गुरुवार को धूप निकल सकती है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी गलन बनी रहेगी। गुरुवार 9 जनवरी को एक बार फिर समूचे यूपी में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। विजिबिलिटी 20 से 100 मीटर तक रह सकती है। बादल छाने के कारण धूप के दर्शन नहीं होंगे और दिन के तापमान में भी 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

UP के पांच सबसे ठंडे जिले

इटावा2.6 डिग्री सेल्सियस
गोरखपुर4.5 डिग्री सेल्सियस
कानपुर नगर4.6 डिग्री सेल्सियस
सोनभद्र5.2 डिग्री सेल्सियस
आजमगढ़5.2 डिग्री सेल्सियस

ठंड के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित

बात सोमवार रात तक की करें तो इससे पहले के पिछले 24 घंटे में इटावा सबसे ठंडा रहा और यहां पर न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मनाली में 3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इस लिहाज से इटावा मनाली से भी ज्यादा ठंडा रहा। राज्य के सभी स्कूलों में 8वीं तक के छात्र-छात्राओं की 14 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। बड़ी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को भी सुबह 10 बजे से स्कूल बुलाया जा रहा है। बरेली, अंबेडकरनगर और चंदौली में 12वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक, बदायूं और महाराजगंज के स्कूल 7 जनवरी तक और आगरा-मथुरा के स्कूल 8 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।

ट्रेन और हवाई यातायात प्रभावित

घने कोहरे के कारण विमान सेवाएं और ट्रेन यातायात भी प्रभावित हुआ है। लंबी दूरी की ट्रेनें 20-20 घंटे की देरी से चल रही हैं, जबकि कई उड़ान सेवाओं में देरी के साथ ही कुछ को डायवर्ट और कई को रद्द भी करना पड़ रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article