शहर

हाथरस में पहचान छिपाकर शादी: 'साहब सिंह' बनकर साजिद खान ने युवती को ठगा; सच सामने आने पर मांस खिलाया

Sajid Khan Sahab Singh Hathras: जलेसर रोड क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने खुद को ठाकुर समाज का 'साहब सिंह' बताया। युवती उसके झांसे में आ गई, वर्ष 2024 में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली।

Image

हाथरस में पहचान छिपाकर शादी: 'साहब सिंह' बनकर साजिद खान ने युवती को ठगा; सच सामने आने पर मांस खिलाया

Hathras Identity Theft Marriage: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से धोखाधड़ी और धार्मिक पहचान छिपाकर शादी करने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने पति पर खुद को दूसरे समुदाय (ठाकुर समाज) का बताकर शादी करने, सच्चाई खुलने पर बर्बरता से मारपीट करने और जबरन धर्म विरुद्ध कार्य कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हाथरस पुलिस ने मुख्य आरोपी पति, सास और ससुर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

2024 में 'साहब सिंह' बनकर की थी कोर्ट मैरिज

जलेसर रोड क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने खुद को ठाकुर समाज का 'साहब सिंह' बताया था। युवती उसके झांसे में आ गई और वर्ष 2024 में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के कुछ समय बाद जब महिला के सामने पति के असली दस्तावेज आए, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला को पता चला कि जिसे वह 'साहब सिंह' समझ रही थी, उसका असली नाम साजिद खान है।

सच जानने पर मारपीट, इच्छा के विरुद्ध खिलाया मांस

पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि जब उसने पति की असली पहचान का विरोध किया, तो ससुराल वालों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। आरोपी साजिद और उसके परिजनों ने महिला के साथ बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध उसे जबरन मांस खिलाया गया।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ससुराल पक्ष के 4 आरोपी गिरफ्तार

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। हाथरस सदर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और दबिश देकर मुख्य आरोपी पति (साजिद खान), सास और ससुर सहित कुल चार आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पुलिस का आधिकारिक बयान मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए हाथरस के क्षेत्राधिकारी नगर (CO City) हिंमाशु माथुर ने बताया, '4 जून 2026 को एक महिला द्वारा थाना कोतवाली सदर में तहरीर दी गई थी। इसमें पति और उसके ससुरालीजनों पर मारपीट तथा गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस जांच में यह तथ्य प्रमाणित हुआ है कि महिला ने वर्ष 2024 में कोर्ट मैरिज की थी, जिसमें पति ने अपनी वास्तविक पहचान और दस्तावेज संबंधी अहम जानकारियां छिपाकर यह विवाह किया था। तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पति, सास और ससुर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article