शहर

होली पर योगी सरकार का तोहफा; 9 मार्च तक चलेंगी अतिरिक्त बसें, कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

होली के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार ने यात्रियों की सुगम और सुरक्षित आवाजाही के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ को संभालने हेतु अतिरिक्त बसों का संचालन और कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग को सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Image

होली पर योगी सरकार की यात्रियों को सौगात (फोटो: PTI)

Photo : PTI

UP Holi Special Bus Services: उत्तर प्रदेश सरकार ने होली के अवसर पर यात्रियों की सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को संभाला जा सके। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को 3,600 से 4,500 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से यात्रियों का दबाव अधिक रहता है।

पर्याप्त बसों और कर्मचारियों की तैनाती

इसे ध्यान में रखते हुए इन क्षेत्रों में पहले से ही पर्याप्त बसें और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। यदि प्रारंभिक स्टेशनों से 60 प्रतिशत तक यात्री भार प्राप्त होता है, तो राज्य के अन्य हिस्सों में भी अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि निगम की सभी बसें पूरी क्षमता के साथ सड़कों पर संचालित हों। साथ ही, अनुबंधित बसों के कर्मचारियों को पर्व अवधि में अवकाश न दिया जाए। वाहन स्वामियों को भी समय रहते मरम्मत कार्य पूरा कर बसों को संचालन के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रियों की सुरक्षा को सबसे अधिक महत्व

योगी सरकार ने होली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सबसे अधिक महत्व दिया है। किसी भी प्रकार के जाम या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत नियंत्रण कर बस संचालन सामान्य बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रवर्तन दल लगातार निगरानी पर रहेंगे और चालकों-परिचालकों की नियमित रूप से ब्रेथ एनालाइजर जांच की जाएगी। इसके अलावा बसों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने, सीटों और खिड़कियों के शीशों की सही अवस्था सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

बस अड्डों और बसों में साफ-सफाई की व्यवस्था

बस अड्डों और बसों में साफ-सफाई की व्यवस्था मजबूत रखने पर भी जोर दिया गया है। पर्व अवधि में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चालक-परिचालकों (संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मियों सहित) को विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर संचालन करने पर 360 रुपये प्रतिदिन की दर से कुल 3,600 रुपये दिए जाएंगे। यदि कोई कर्मचारी 10 दिन की पूर्ण ड्यूटी करते हुए निर्धारित मानक पूरा करता है, तो उसे 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 4,500 रुपये मिलेंगे। तय मानक से अधिक किलोमीटर संचालन करने पर प्रति किलोमीटर 55 पैसे अतिरिक्त मानदेय भी दिया जाएगा।

कर्मचारियों को मिलेगा प्रोत्साहन

डिपो और क्षेत्रीय कार्यशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी लगातार 10 दिन ड्यूटी करने पर 2,100 रुपये और नौ दिन की ड्यूटी पर 1,800 रुपये एकमुश्त प्रदान किए जाएंगे। प्रोत्साहन अवधि में बढ़िया काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को क्षेत्रीय समिति की अनुशंसा पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही, प्रति बस सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों व सेवा प्रबंधकों तथा 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article