छठ पूजा पर दिल्ली, NCR और देश के विभिन्न हिस्सों से पूर्वांचल और बिहार जाने वाले लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) सभी प्रमुख एक्सप्रेसवे (पूर्वांचल, आगरा-लखनऊ, बुंदेलखंड आदि) पर 100% क्षमता के साथ काम कर रहा है, ताकि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनाई जा सके।
यूपी के सभी एक्सप्रेसवे पर 24 घंटे निगरानी (सांकेतिक चित्र)
24 घंटे मुस्तैद रहेंगी रेस्क्यू और ट्रैफिक प्रबंधन की टीमें
राज्य सरकार द्वारा मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, त्योहारी सीजन में वाहनों की अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को आपातकालीन सहायता प्रदान करने के लिए विशेष पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी प्रशासनिक अधिकारियों, गश्ती टीमों और टोल कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। सभी टीमों को 24 घंटे हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी दुर्घटना, ब्रेकडाउन या आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त क्रेन, एम्बुलेंस और हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को तैनात किया गया है।
UPEIDA की यात्रियों से अपील
त्योहार के दौरान टोल प्लाजा और मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ जाता है। इसे देखते हुए UPEIDA ने एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के लिए एक सलाह जारी की है। प्राधिकरण ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारी भीड़ के कारण कुछ स्थानों या टोल प्लाजा पर प्रतीक्षा समय थोड़ा लंबा हो सकता है, इसलिए धैर्य बनाए रखें। तेज रफ्तार और गैर-जरूरी जल्दबाजी के चक्कर में लेन चेंज न करें और ओवरटेकिंग से बचें। यातायात नियमों का पालन: सड़क पर सुगम यातायात बनाए रखने के लिए UPEIDA ने चालकों से ट्रैफिक नियमों और गति सीमा का कड़ाई से पालन करने को कहा है। सरकार ने दोहराया है कि उसका प्राथमिक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिक छठ पर्व के अवसर पर बिना किसी असुविधा के सुरक्षित रूप से अपने घरों तक पहुंच सकें।
