शहर

UP Board Exam 2026 : 5 हजार में थी सेटिंग, सॉल्वरों को मोटी रकम देना का था वादा; 10-12वीं में सामूहिक नकल

स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को सामूहिक नकल कराने के मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, सॉल्वरों को मोटी रकम देकर परीक्षा में शामिल किया गया था।

Image

यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल (फोटो-Istock)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं जारी हैं। प्रदेश में पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न कराए जाने का दावा भी किया जा रहा है, लेकिन तमाम दावों के बीच गड़बड़ियों की खबरें सामने आ रही हैं। इसी प्रकार सामूहिक नकल कराने वाले एक बड़े गिरोह का स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने मैनपुरी जिले के महाराज सिंह स्मारक इंटर कॉलेज में छापेमारी कर कॉलेज प्रबंधन, शिक्षक और सॉल्वर समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कॉलेज प्रबंधन से जुड़े आशीष, शिक्षक अरुण कुमार उर्फ टिंकू, शिक्षक अनूप कुमार, सॉल्वर शिव चौहान, अवनीत और अभिजीत सिंह शामिल हैं। एसटीएफ के अनुसार, कॉलेज के प्रधानाचार्य अमरीश और उसके भाई आशीष की मिलीभगत से यह पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

सॉल्वरों की मदद से सामूहिक नकल

यूपीएसटीएफ मीडिया सेल ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि कॉलेज प्रशासन द्वारा कक्ष निरीक्षकों, शिक्षकों और सॉल्वरों की मदद से संगठित तरीके से सामूहिक नकल कराई जा रही थी। परीक्षार्थियों से मोटी रकम लेकर उनकी उत्तर पुस्तिकाएं सॉल्वरों से लिखवाई जा रही थीं। इसके अलावा, कुछ मामलों में शिक्षक और प्रबंधन से जुड़े लोग उत्तर बोल-बोलकर भी कॉपियां हल करा रहे थे।

5 हजार में हायर किए थे सॉल्वर

एसटीएफ के मुताबिक, इस अवैध गतिविधि के लिए परीक्षार्थियों से प्रति पेपर लगभग 5 हजार रुपए वसूले जा रहे थे। सॉल्वरों को भी इसके बदले मोटी रकम दी जा रही थी। छापेमारी के दौरान एसटीएफ ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिनमें दो लिखी हुई उत्तर पुस्तिकाएं, इंटरमीडिएट गणित की पुस्तक, इंटरमीडिएट जीव विज्ञान का प्रश्नपत्र, 6 मोबाइल फोन सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री शामिल है। एसटीएफ ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article