UP, Bihar Weather Forecast Today: नवंबर शुरू होने के बावजूद ठंड ने अभी तक अपना जोर नहीं दिखाया है। दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में ठंड सिर्फ सुबह और रात के समय ही महसूस हो रही है। अभी भी दिन में धूप से लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। नवंबर महीने में अमूमन ठंड अपना असर दिखाना शुरू कर देती है। लेकिन फिलहाल यहां मौसम का मिजाज गर्म ही बना हुआ है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली प्रदूषण की मार झेल रहा है। यहां पर प्रदूषण के चलते धुंध देखने को मिल रही है। नवंबर महीना शुरू होने के बावजूद यहां दिन के समय में गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि सुबह और रात के मौसम में हल्की ठंडक जरूर महसूस हो रही है।
यूपी का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में नवंबर के महीने में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अभी मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है। आज यूपी में तापमान स्थिर रहेगा, आज सभी जिलों में धूप देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार यूपी की राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बाकी जिलों का तापमान भी इसके आसपास ही रहेगा।
मध्य प्रदेश का मौसम
एमपी में भी अभी दिन में अधिकतम तापमान तेज ही बना हुआ है इसके चलते यहां पर भी ज्यादा ठंड महसूस नहीं हो रही है। मध्य प्रदेश में सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास रहता है और दिन में धूप की तेजी बरकरार रहती है। मौसम विभाग के अनुसार यहां हवाओं के रुख में बार-बार बदलाव के कारण तापमान में मामलू उतार चढ़ाव ही देखने को मिल रहे हैं।
बिहार का मौसम
दिल्ली के अलावा बिहार में भी प्रदूषण की मार के चलते मौसम का हाल बिगड़ा हुआ है। यहां पटना नवंबर में भी अधिकतम तापमान 30 के ऊपर ही देखने को मिल रहा है। गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिन तक बिहार का मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आज कई जिलों में हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
