शहर

Unnao News: क्रिकेट मैच के बीच मधुमक्खियों का हमला, 65 वर्षीय अंपायर की मौत

उन्नाव के शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। जिसमें 65 वर्षीय अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई। मधुमक्खियों के डंक मारने से एक अन्य अंपायर और 15–20 खिलाड़ी भी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जारी है।

Image

उन्नाव में मधुमक्खियों के हमले से अंपायर की मौत

Photo : PTI

Unnao Honey Bee Attack: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक मैदान पर हमला कर दिया। जिसमें एक बुजुर्ग अंपायर की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में कई खिलाड़ी और एक अन्य अंपायर भी जख्मी हो गए। मृतक की पहचान 65 वर्षीय माणिक गुप्ता के तौर पर हुई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.एन. सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए माणिक गुप्ता की मौत पर गहरा शोक जताया है।

सप्रू मैदान में मधुमक्खियों ने किया हमला

यह घटना गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान की है, जहां कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) द्वारा एक मैच आयोजित किया गया था। मैच के दौरान ही अचानक मधुमक्खियों का बड़ा झुंड मैदान में आ गया और वहां मौजूद लोगों पर अचानक हमला कर दिया। जिससे पूरे मैदान में अफरातफरी मच गई। खिलाड़ी, अंपायर और दर्शक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोगों को मधुमक्खियों ने बुरी तरह डंक मारा।

अस्पताल में भी शरीर पर चिपकी थी मधुमक्खियां

मधुमक्खियों के हमले से माणिक गुप्ता बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत शुक्लागंज के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें कानपुर के एलएलआर अस्पताल (हैलट) रेफर कर दिया गया। हैलट अस्पताल पहुंचने पर उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब माणिक गुप्ता को अस्पताल लाया गया था, उस समय भी उनके चेहरे और शरीर पर मधुमक्खियां चिपकी हुई थीं, जिससे पता चलता है कि हमला कितना गंभीर था।

घटना में करीब 15 से 20 खिलाड़ी और एक अन्य अंपायर भी मधुमक्खियों के डंक से घायल हुए हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.एन. सिंह ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि एसोसिएशन इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article