MP News: भारत में आपने अनोखी शादियों के बारे देखा या सुना होगा। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के रतलाम से भी आया है। जहां दूल्हे ने हेलीकॉप्टर से अपनी दुल्हन की विदाई कराई। दरअसल यह अनोखी ख्वाहिश दुल्हन की दादी की थी, जो अपनी पोती को हेलीकॉप्टर से विदा करना चाहती थी। उनकी इस ख्वाहिश का सम्मान करते हुए दूल्हे ने इसे पूरा भी किया। दूल्हा हेलीकॉप्टर किराए पर लेकर आया और उसे खेत में लैंड कराया गया। जिसके बाद दुल्हन की विदाई इसी हेलीकॉप्टर में की गई।
रिश्ता तय होने के बाद पता चली दादी की इच्छा
यह पूरा मामला रतलाम के नामली का है, जहां चेतना कुंवर की शादी धार जिले के रविराज सिंह से तय की गई। शादी तय होने के बाद रविराज सिंह को पता चला कि उसकी दादी सास अपनी लाडली पोती को हेलीकॉप्टर से विदा करना चाहती हैं। जिसके बाद दूल्हा भी अपनी दादी सास की इस इच्छा को पूरा करने में जुट गया। दोनों परिवार ने इसके लिए योजना बनाई और सारी तैयारियों की जिम्मेदारी लड़की के परिवार वालों ने ले ली।
खेत में बनाया गया हैलीपैड
इस शादी समारोह को शाही अंदाज में करने के लिए पूरा परिवार जुट गया। हेलीकॉप्टर को किराए पर लेने के लिए उदयपुर कंपनी से संपर्क किया गया। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए नामली के एक खेत में जगह चुनी गई। जिसके बाद प्रशासन से इसके लिए परमिशन ली गई। परमिशन मिलने के बाद इस जगह पर हैलीपैड तैयार किया गया। जिसके बाद 5 मार्च को दूल्हा हेलीकॉप्टर से इस जगह पर लैंड किया और 6 मार्च को अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा करके ले गया।
