Jharkhand News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में शनिवार को एक आईईडी विस्फोट की घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान सहित दो लोग घायल हो गए। इस संबंध में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी। पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के अनुसार, यह विस्फोट छोटानागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अभियान के बीच जमीन में लगाए गए एक उन्नत विस्फोटक उपकरण (आईईडी) में अचानक धमाका हो गया। उन्होंने बताया कि विस्फोट में सीआरपीएफ का एक जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, इस आईईडी को प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उग्रवादियों ने लगाया था। ऐसे में मामले की जांच जारी है।
नेता का अधजला शव बरामद
वहीं, गिरिडीह जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़े एक नेता का अधजला शव बरामद हुआ। इस घटना की पुष्टि पुलिस ने की है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय राकेश महतो के रूप में हुई है, जो पूर्व में जिला परिषद अध्यक्ष रह चुके थे। उनका शव निमियाघाट थाना क्षेत्र के घुटवली इलाके में एक सुनसान स्थान पर पाया गया।
निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि राकेश महतो की पहले पिटाई कर हत्या की गई और बाद में पहचान छिपाने या साक्ष्य खत्म करने के उद्देश्य से शव को आग के हवाले कर दिया गया। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करेगी और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी इस घटना के बाद से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
(इनपुट - भाषा)
