शहर

बदायूं में दो बाइकों की हुई आमने-सामने भिड़ंत; हादसे में 2 की दर्दनाक मौत, 5 गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर क्षेत्र में रविवार शाम दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। हादसा कुंदावली गांव के पास उस वक्त हुआ जब दोनों बाइकें आमने-सामने से आ गईं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि गंभीर घायलों का इलाज बरेली में जारी है।

Image

बदायूं में दो बाइकों की टक्कर में 2 की मौत, 5 घायल (प्रतीकात्मक फोटो: कैनवा)

Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हादसा कुंदावली गांव के पास हुआ। बताया गया कि महरौला गांव निवासी राजमिस्त्री शमशाद (32) अपने दो मजदूरों के साथ काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान सामने से देव सिंह (26) अपने दोस्तों शिवदीप, मनीष और दीपक कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर बाजार से सामान लेने जा रहा था। दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस्लामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के अनुसार, ग्राम कुंदावली के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें शमशाद और देव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में घायल हुए पांच अन्य लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को बरेली भेजा गया है, जबकि बाकी को जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article