Noida News: दिल्ली एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने विकराल रूप ले लिया। अचानक ही दिन में अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ बारिश ने जोरदार एंट्री मारी। इस दौरान नोएडा सेक्टर 16 फिल्म सिटी में एक जगह पेड़ गिरने से कई गाड़ियां बुरी तरह से प्रभावित हुईं। तेज आंधी-बारिश के कारण पेड़ उखड़कर एक गाड़ी पर गिर गया। वहीं इसकी डालियों से पार्किंग में खड़ी अन्य गाड़ियां भी प्रभावित हुईं। इसी दौरान दफ्तरों से अपने घरों के लिए निकलने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी मौसम के ऐसे ही हालात देखने को मिले।
जगह-जगह हुआ जलभराव
गनीमत की बात यह है कि इस दौरान गाड़ियों में कोई मौजूद था। मौसम के इस कहर के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में भारी बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव देखा गया, जिसका एक वीडियो में भी सामने आया है। एक मामला पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज से भी सामने आया है जहां एनएच-24 इलाके में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर जमा पानी की वजह से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौके पर पानी निकालने के लिए कई मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क पर अब भी पानी जमा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सालों से इस समस्या का केवल अस्थायी समाधान किया जा रहा है, जबकि स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला गया। अब सवाल यह है कि आखिर लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत कब मिलेगी।
