Prayagraj Train Accident: प्रयागराज स्थित यमुना नगर के करछना में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पचदेवरा ओवरब्रिज के पास ट्रेन से कटकर पांच लोगों की मौत हो गई। जीआरपी के पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि आज शाम कालका एक्सप्रेस से कटकर एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी जिसकी वजह से ट्रेन रुक गई। इस ट्रेन के यात्री उत्साह में आकर नीचे उतर आए। उन्होंने कहा, "तभी दूसरे ट्रैक पर शाम 6:47 बजे पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन आ गई जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मृत्यु हो गई। अभी तक तीन व्यक्तियों की पहचान हुई।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए आधिकारियों को निर्देश
सहायक पुलिस आयुक्त (करछना) सुनील कुमार से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बिहार के सिवान निवासी बलिराम (36), उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के निवासी सुनील कुमार (24) और फिरोजाबाद के निवासी आकाश (17) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अन्य दो मृतकों की पहचान की जा रही है। ये सभी फिरोजाबाद से कोलकाता जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है। इसी बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश।
सीपीआरओ ने क्या बताया
सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से इस मामले में आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यात्रियों और आम लोगों से अपील की है कि ट्रेन के रुकने की स्थिति में बिना जरूरत ट्रेन से नीचे न उतरें और रेलवे ट्रैक पर जाने से पूरी तरह बचें। साथ ही सभी से निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। फिलहाल मृतकों की पहचान हो चुकी है। जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने मौके पर मौजूद रहकर माहौल को नियंत्रित किया।
(इनपुट - भाषा)
