Lucknow News: लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में सोमवार शाम एक जन्मदिन समारोह के दौरान गोली लगने की दुर्घटना में 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि की। जानकारी के अनुसार, यह घटना एलडीए कॉलोनी के एक घर में साढ़े छह बजे हुई। ट्रांसपोर्ट नगर के निवासी उनैस खान (13) अपने तीन दोस्तों के साथ एक मित्र के जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी के दौरान एक अन्य लड़के ने घर में खड़ी कार से अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर दिखा रहा था। इसी दौरान गोली अनजाने में चल गई और उनैस की बाईं आंख पर लग गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर फर्श पर गिर पड़ा।
लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त
अधिकारियों के अनुसार, घायल लड़के को तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त (लखनऊ दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने बताया कि पार्टी में मौजूद तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा, "उनैस के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।" पुलिस ने यह भी बताया कि जन्मदिन मनाने वाले लड़के के पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है और उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और फील्ड यूनिट ने मौके से सभी साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
स्कूल की फुटबॉल टीम का कप्तान था उनैस
जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लोकबंधु अस्पताल भेज दिया गया। इलाके में फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक उनैस खान स्टेला मैरिस स्कूल की सातवीं कक्षा का छात्र और स्कूल की फुटबॉल टीम का कप्तान था। उनका परिवार पिता जमीर खान, माता समा सहरोज और एक बड़ा भाई शामिल हैं। जमीर खान ने बताया कि उनका बेटा रोजा रख रहा था और शुरू में वह पार्टी में शामिल नहीं होना चाहता था, लेकिन दोस्तों के कहने पर वह गया। उन्होंने नम आंखों से कहा, "बाद में हमें फोन आया कि पार्टी में गोली चल गई है।" उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी और उनके बेटे को किसी वयस्क ने सीधे माथे में गोली मारी। उनैस के चाचा समीर खान ने बताया कि परिवार ने पहले पार्टी में भेजने से मना किया था क्योंकि वह रोजा रखे हुए था, लेकिन दोस्तों ने भरोसा दिलाया था कि वहां वह रोजा खोल सकता है। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा, "अब यह हादसा हो गया। यह बहुत ही दुखद है, इससे ज्यादा हम क्या कह सकते हैं।" पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।
(इनपुट - भाषा)
