Gorakhpur News: गोरखपुर से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, चिलुआताल थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक दुखद घटना घटी, जिसमें 11 वर्षीय बच्चा खुले निर्माणाधीन नाले में गिरने से अपनी जान गंवा बैठा। इस हादसे ने इलाके में शोक और आक्रोश की लहर फैला दी है। परिवार ने नाला निर्माण में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गोरखपुर में नाले में गिरने से 11 साल के बच्चे की मौत (सांकेतिक फोटो)
खुला पड़ा था नाला
जानकारी के मुताबिक, मुड़िला (उर्फ मुंडेरा) निवासी श्याम सुंदर चौरसिया का बेटा कन्हैया चौरसिया (11) बुधवार शाम लगभग चार बजे साइकिल से वार्ड नंबर 5, मानबेला, राप्ती नगर विस्तार कॉलोनी से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक निर्माणाधीन नाला खुला पड़ा था। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने नाले में लगाई गई अतिरिक्त लोहे की सरिया नहीं हटाई थी और ढक्कन भी नहीं लगाया था। इसी कारण कन्हैया साइकिल सहित नाले में गिर गया और उसमें खड़ी लोहे की सरिया उसके शरीर में धंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूरे परिवार में पसरा मातम
जानकारी के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने परिवार को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक को तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर से परिवार में भारी मातम और आक्रोश फैल गया। सूचना पाकर मेडिकल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
मामले की जांच जारी
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पिता श्याम सुंदर चौरसिया ने चिलुआताल पुलिस को लिखित तहरीर देकर ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया और न्याय की मांग की। इस मामले में चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि उन्हें प्रार्थना पत्र मिला है और बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
