दिल्ली से देहरादून जाना हो तो अब भी पुराने दिल्ली-देहरादून हाईवे का इस्तेमाल करना अभी मजबूरी है। यह रूट दिल्ली से गाजियाबाद, मेरठ, देवबंद, सहारनपुर होते हुए देहरादून की ओर जाता है। अभी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से फीता नहीं कटा है, इसलिए इस रूट पर आप दिल्ली से बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफरल एक्सप्रेसवे तक ही सफर कर सकते हैं। अगर आपका इसी रविवार यानी 22 फरवरी को दिल्ली से देहरादून जाने या देहरादून से दिल्ली आने का कार्यक्रम है तो अपनी यात्रा को एक दिन टाल दें, या एक दिन पहले शनिवार 21 फरवरी या एक दिन बाद 23 फरवरी को आ जाएं। क्योंकि 22 फरवरी को दिल्ली-देहरादून हाईवे, मेरठ में बंद रहेगा।
क्यों बंद रहेगा दिल्ली-देहरादून हाईवे
रविवार 22 फरवरी 2026 को दिल्ली-देहरादून हाईवे बंद रहेगा, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन मेरठ आने वाले हैं। पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। प्रशासन ने रविवार को दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से प्रतिबंधित रखने का फैसला लिया है।
कितनी देर तक बंद रहेगा दिल्ली-देहरादून हाईवे
रविवार 22 फरवरी को दिल्ली-देहरादून हाईवे सुबह 9 से शाम 5 बजे तक प्रभावी रूप से बंद रहेगा। इस दौरान आम वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। मेरठ से गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को हापुड़ के रास्ते भेजा जाएगा। रविवार 22 फरवरी को कांवड़ पटरी मार्ग से भी गाजियाबाद और मेरठ के बीच यातायात संचालित किया जाएगा। शहर के भीतर दिल्ली रोड को एहतियात के तौर पर करीब आठ घंटे के लिए बंद रखा जाएगा, ताकि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
क्या दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे भी बंद रहेगा?
जी नहीं, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे बंद नहीं रहेगा। इस एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा। हालांकि, अन्य मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है। डीआईजी मेरठ ने हापुड़ और गाजियाबाद के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रविवार 22 फरवरी के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की है। निर्णय लिया गया है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से तीन घंटे पहले और तीन घंटे बाद तक ट्रैफिक से जुड़े नियम लागू रहेंगे। यानी ट्रैफिक में जो बदलाव किया गया है, वह लागू रहेगा।
पीएम मोदी का मेरठ में कार्यक्रम
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 22 फरवरी को मेरठ में नमो भारत ट्रेन के उद्घाटन के लिए पहुंचेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे खुला रहेगा, लेकिन दिल्ली से आने वाले वाहनों को काशी टोल के बाद परतापुर इंटरचेंज से एनएच-58 की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी जरूर ले लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। इस दौरान सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह पुलिस और प्रशासनिक टीमें तैनात रहेंगी।
