Manali Traffic Jam: हिमाचल प्रदेश के मनाली में शनिवार को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। पर्यटन सीजन और वीकेंड के कारण शुक्रवार को भी चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव अचानक काफी बढ़ गया। हिमाचल के पंडोह से झलोगी के बीच कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुल्लू-मनाली की ओर जाने में परेशानी
कुल्लू-मनाली की ओर जा रहे पर्यटक वाहनों की भारी आवाजाही के चलते दिनभर सड़क पर ट्रैफिक बेहद धीमा रहा और कई बार पूरी तरह रुक-रुक कर चलता दिखाई दिया। इससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों दोनों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। जानकारी के अनुसार सुबह से ही पर्यटक वाहनों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई।
घंटों तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे यात्री
इसके चलते पंडोह, हनोगी, द्वाड़ा और झलोगी क्षेत्रों में कई जगहों पर यातायात की रफ्तार बेहद धीमी हो गई और कई बार पूरी तरह से जाम की स्थिति बन गई। हनोगी और द्वाड़ा टनल के आसपास वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कई वाहन घंटों तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
धीरे-धीरे स्थिति को सामान्य किया गया
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरे दिन कड़ी मेहनत करनी पड़ी। सुबह से लेकर देर शाम तक पुलिस टीम सड़क पर मौजूद रही और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करती रही। बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच पुलिस को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद धीरे-धीरे स्थिति को सामान्य किया गया और यातायात बहाल किया गया।
बता दें कि जब गर्मियों के मौसम में मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहला होता है तो वे पहाड़ी राज्यों का रुख करते हैं, जहां वे अपने दोस्तों और परिवार के साथ समर वेकेशन मना सके। ऐसे में हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्यों में लोगों की आवाजाही के कारण यातायात प्रभावित हो जाता है।
