Delhi News: इन दिनों देशभर में आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग का खुमार है। बता दें कि, राजधानी दिल्ली में 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के क्रिकेट का मुकाबला है, जिसके चलते शहर में आस-पास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम हो सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि, अरुण जेटली स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के मद्देनजर 8 अप्रैल को मध्य दिल्ली में यातायात के प्रभावित होने का अनुमान है।
दिल्ली मेट्रो ने भी जारी किया अपडेट
ऐसे में लोगों के लिए एक ट्रैफिर एडवाइजरी जारी की गई है। इसके साथ ही, दिल्ली मेट्रो ने 8 अप्रैल 2026 को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले IPL मैच के लिए सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेन का समय बढ़ा दिया है, ताकि मैच के बाद घर जाने वाले सभी क्रिकेट प्रेमियों के लिए आसान और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित हो सके।
क्या कहती है ट्रैफिक एडवाइजरी?
दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, स्टेडियम के आसपास के प्रमुख मार्गों पर दोपहर 12 बजे से आधी रात तक जाम लगने की आशंका है, क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मैच शाम सात बजे से रात 10.30 बजे के बीच निर्धारित है। परामर्श में कहा गया है कि यातायात की स्थिति के आधार पर, बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर यातायात का मार्ग परिवर्तन किया जा सकता है और गाड़ियों की आवाजाही सीमित की जा सकती है।
इन जगहों पर रहेगी गाड़ियों की आवाजाही प्रतिबंधित
इसमें कहा गया है कि दरियागंज से दिल्ली गेट, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक तक और आईटीओ से दिल्ली गेट तक के हिस्सों सहित इन गलियारों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसमें कहा गया है कि लोगों से जेएलएन मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट तक), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक) और बहादुरशाह जफर मार्ग (दिल्ली गेट से आईटीओ तक) से बचने की सलाह दी गई है।
और कब-कब है दिल्ली में आईपीएल का मैच?
Cricbuzz की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के मैच के बाद राजधानी में 25 अप्रैल, शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स, 27 अप्रैल, सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 5 मई, मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स चेन्नई सुपर किंग्स, 8 मई, शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाईट राइडर्स, 17 मई, रविवार को दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
