होशियारपुर : होशियारपुर-दसुआ मार्ग पर चारे से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित एक ढाबे में घुस जाने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार शाम घासीपुर गांव के निकट हुआ। पुलिस ने बताया कि चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली से नियंत्रण खो बैठा और यह सीधे ढाबे में जा घुसी, जिससे वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। आनन-फानन में आसपास मौजूद लोगों ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
होशियारपुर ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसा (फोटो-Istock)
इन लोगों की हादसे में गई जान
भाषा/पीटीआई के हवाले से मृतकों की पहचान ढाबा संचालक कमल कुमार (35) और ग्राहक रंजीत सिंह (24) के रूप में हुई है। कमल कुमार हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के मूल निवासी थे, जबकि रंजीत सिंह बिहार के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय दोनों ढाबे पर मौजूद थे और टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया गया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई गई है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
बदायूं में 2 ट्रैक्टरों में टक्कर से 3 की मौत
इसी प्रका उत्तर प्रदेश के बदायूं में 12 फरवरी को कुछ लोग भोग लगाने के लिए ट्रैक्टर पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक खाली ट्रैक्टर आ रहा था और दोनों ट्रैक्टरों की टक्कर हो गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और करीब 18-20 लोग घायल हो गए। घायलों की हालत स्थिर है। उनका इलाज जारी है। यह हादसा बरोलिया के पास हुआ।
