शहर

लुधियाना फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव से बड़ा हादसा, बाप-बेटे समेत 3 लोगों की मौत

लुधियाना में एक फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव के कारण बड़ा हादसा हो गया। गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जांच जारी है।

Image

लुधियाना की फैक्ट्री में गैस रिसाव से मचा हड़कंप

Ludhiana Gas Leakage: पंजाब के लुधियाना में रविवार को एक फैक्ट्री में गैस लीकेज के कारण बड़ा हादसा हो गया। ग्यासपुरा क्षेत्र में स्थित गगन नगर की एक टूल निर्माण फैक्ट्री में जहरीली गैस के रिसाव से तीन मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के वक्त फैक्ट्री में चल रहा था काम

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात फैक्ट्री में नियमित काम चल रहा था। तभी अचानक फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। जिसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहे कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ने लगी। जहरीली गैस के प्रभाव से करीब सात से आठ लोग बेहोश हो गए। फैक्ट्री प्रबंधन ने तुरंत सभी प्रभावित मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान सोमवार तड़के तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में ग्यासपुरा निवासी मान सिंह और उनके बेटे अमित शामिल हैं। तीसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं चार अन्य मजदूरों का अस्पताल में इलाज जारी है।

मृतक के परिवारजनों का फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप

इस हादसे के बाद मृतक मान सिंह की बेटी रेनू ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि देर रात को उसके पिता को काम के लिए फैक्ट्री बुलाया गया था। गैस रिसाव की घटना के बाद फैक्ट्री संचालक घायलों को अस्पताल लेकर गए, लेकिन परिवार के किसी भी सदस्य को हादसे की सूचना नहीं दी गई। सुबह जब उनके पिता घर नहीं लौटे, तब परिवार को फैक्ट्री जाकर घटना का पता चला।

रेनू ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके पिता और भाई अमित की मौत हो चुकी है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गैस लीकेज के कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article